नेशनल शूटर और हाईकोर्ट के एडवोकेट सुखमनप्रीत सिंह सिद्धू उर्फ सिप्पी के हत्यारों का 11 महीने बाद भी सुराग नहीं लग पाया है। मामले की जांच सीबीआई कर रही है। रविवार को सिप्पी की रविवार को सेक्टर-34 गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में परिजनों ने पहल बरसी मनाई। इस मौके पर भोग और अरदास रखा गया।
इस मौके पर सिप्पी के भाई जसमनप्रीत सिंह उर्फ जिप्पी सिद्धू, उनकी मां दीपेंद्र कौर सिद्धू भी मौजूद थीं। भोग और अरदास में हरिंद्रपाल चंदूमाजरा, हिम्मत शेरगिल, पंजाब सीएम के मीडिया एडवाइजर हरचरण सिंह बैंस, पंजाब के पूर्व चीफ सेक्रेटरी एएस चट्ठा, मोहाली के विधायक बलबीर सिंह सिद्धु, आईजी परमपाल सिंह सिंधू शामिल हुए। सिप्पी के भाई जिप्पी सिद्धू ने कहा कि वो सीबीआई की अब तक की जांच से संतुष्ट है और उन्हें सीबीआई पर विश्वास है कि वो जल्द ही मामले को सुलझा लेगी।
यह था मामला
मोहाली निवासी सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी की हत्या 20 सितंबर 2015 को सेक्टर 27 के पार्क में गोली मारकर की गई थी। सेक्टर 26 थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने सिप्पी के दर्जनों दोस्तों से पूछताछ की थी। आखिर में मामले की जांच पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट की जज की बेटी पर अटक गई थी। यूटी पुलिस की एसआईटी ने मामले में जस्टिस की बेटी से पूछताछ की थी।
सिप्पी के परिजनों ने शहर के प्रशासक कप्तान सिंह सोलंकी से केस ट्रांसफर करने की गुहार लगाई थी। 13 अप्रैल को केस सीबीआई को ट्रांसफ र कर दिया था। इसके बाद सीबीआई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी है।