पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या कराने वाले अपराधी सचिन बिश्नोई उर्फ सचिन थापन (26) को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अजरबैजान से प्रत्यर्पण कराकर भारत ले आई है। पंजाबी गायक की हत्या की साजिश के आरोपी सचिन तिलक राज टुटेजा नाम से संगम विहार के पते पर बनवाए गए फर्जी पासपोर्ट से विदेश भाग गया था। मूसेवाला की हत्या के बाद सचिन ने इंटरनेट मीडिया पर हत्याकांड की जिम्मेदारी भी ली थी। इससे पहले गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। सचिन के खिलाफ 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
स्पेशल सेल के विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल ने बताया कि गैंगस्टर लारेंस बिश्रोई के भांजे सचिन बिश्रोई के तिलक राज टुटेजा पुत्र भीम सेन के नाम से फर्जी पासपोर्ट के जरिये विदेश भागने की सूचना मिली थी। ये मूसेवाला की हत्या से पहले विदेश भागा था। सचिन ने अपने साथियों के साथ तिलक नगर इलाके में रियल एस्टेट कारोबारी के दोनों पैरों में गोली मारकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। सचिन ही फरार था। इसके खिलाफ मकोका का मामला भी दर्ज है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या में सचिन की भूमिका भी सामने आई।
यह भी पढ़ें: Nuh Violence: नूंह हिंसा में अब तक पांच की मौत, CM मनोहर लाल बोले-ये सुनियोजित साजिश, किसी को नहीं बख्शेंगे
धालीवाल ने बताया कि स्पेशल सेल को सचिन के अजरबैजान पहुंचने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसका रेड नोटिस तैयार कर इंटरपोल की मदद ली गई। अजरबैजान पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर डिटेंशन सेंटर में रखा था। स्पेशल सेल की आईएफएसओ यूनिट के पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम की देखरेख में काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के एक एसीपी राहुल विक्रम, इंस्पेक्टर निशांत दहिया और एसआई मंजीत की टीम रविवार को अजरबैजान गई थी। ये सचिन बिश्नोई को दिल्ली ले आई। सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में हुई थी।
मूसेवाला के माता-पिता ने सचिन को पंजाब लाने की मांग की
दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसावाला के माता-पिता ने पुलिस से मांग की है कि सचिन बिश्नोई को पूछताछ के लिए पंजाब लाया जाए ताकि गायक की हत्या की पूरी हकीकत सामने आ सके। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू और चाचा चमकौर सिंह सिद्धू ने कहा कि फर्जी पासपोर्ट बनाने में जिन अन्य अधिकारियों की भूमिका है, उन्हें कानूनी दायरे में लाया जाना चाहिए।
यहां बता दें कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या की चार्जशीट में सचिन बिश्नोई का जिक्र है लेकिन उसका चालान हिरासत में लेने के बाद ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मानसा पुलिस ने सबसे पहले सचिन बिश्नोई को विदेश से लाने की मांग की थी क्योंकि सचिन बिश्नोई ने मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में दस्तावेज तैयार करने शुरू कर दिया है और जल्द ही उसे मानसा लाया जाएगा।