सिख पंथ की महान शख्सियत माई भागो के बारे में विवादित गीत गाने वाले गायक सिद्धू मूसेवाला वीरवार सुबह अपने पिता बलकौर सिंह के साथ श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे। वहां उन्होंने श्री अकाल तख्त के सचिवालय में जत्थेदार हरप्रीत सिंह के सामने पेश होकर माई भागो के बारे में गाए विवादित गीत के बारे में लिखित माफी मांगी।
लगभग एक घंटा तक जत्थेदार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में सिद्धू मूसेवाला ने कहा कि उनको ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने नहीं बुलाया था। वह खुद श्री अकाल तख्त में हाजिर हुए हैं। उनसे कोई तो गलती हुई है, जिस कारण वह श्री अकाल तख्त में पेश हुए है। जब उनको यह पूछा गया कि क्या जत्थेदार ने उन्हें कोई धार्मिक सजा सुनाई है।
जिस पर मूसेवाला ने कहा कि अभी उन्होंने लिखित माफी मांगी है, जो भी सजा मिलेगी वह स्वीकार करेंगे। याद रहे कि इस गीत के बाद पैदा हुए विवाद के बाद सिद्धू मूसेवाला जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह से भेंट करना चाहते थे।