शहर के पुराने एयरपोर्ट वाली जगह पर जल्द ही पायलेटों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए सिमुलेटर सेंटर बनाए जाने का प्रपोजल है। इस प्रस्ताव को गृह मंत्रालय के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
अगर अनुमति मिल गई तो शहर के डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर जल्द ही इसे बनाया जाएगा। इसका बजट पांच करोड़ बनाया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन और चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी के बीच इस प्रस्ताव को लेकर सहमति बन गई है।
डोमेस्टिक एयरपोर्ट पिछले साल सितंबर में यहां से मोहाली में बने चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट हो गया है। इसके शिफ्ट होने के बाद एयरपोर्ट पर कारगो बनाए जाने का प्लान था। लेकिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कारगो के लिए अलग जगह है।
वहीं, फिर चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से सिमुलेटर सेंटर बनाने को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन के साथ मीटिंग की गई। मीटिंग में सहमति बनने के बाद इस प्रपोजल को गृह मंत्रालय भेजा गया है। सूत्रों की मानें तो गृह मंत्रालय की स्वीकृति मार्च तक मिलने की उम्मीद है। इसके लिए जमीन भी डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर पर्याप्त है।
कनवेंशन सेंटर पर लगी मुहर, जल्द शुरू होगा काम
कनवेंशन सेंटर चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जल्द बनाया जाएगा। इसे स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। इसमें छह बडे़ कांफ्रेंस हाल, एग्जीबिशन स्टाल, 62 हजार लोगों के लिए बैठने के लिए ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।
सुनील दत्त, सीईओ, चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि सिमुलेटर सेंटर को बनाने के लिए प्रपोजल बनाया गया है। गृह मंत्रालय की स्वीकृति के बाद इसे जल्द बनाया जाएगा।