फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मूसेवाला की हत्या: संगरूर लोकसभा उपचुनाव पर पड़ेगा गहरा असर, सीएम मान को घर में ही घेरने में जुटा विपक्ष

Tue, 31 May 2022 01:38 AM IST
ajay kumar सुशील कुमार, सुनाम ऊधम सिंह वाला (पंजाब)

सार

संगरूर लोकसभा उपचुनाव की खातिर आम आदमी पार्टी जल्द ही प्रत्याशी की घोषणा करेगी। सीएम की बहन मनप्रीत कौर के अलावा कुछ सेलिब्रिटी के नाम चर्चा में हैं लेकिन सिद्धू मूसेवाला हत्या प्रकरण के बाद आम आदमी पार्टी, प्रत्याशी के चयन को लेकर नए सिरे से मंथन में जुट गई है। 
विज्ञापन
गायक सिद्धू मूसेवाला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नौजवान पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (शुभदीप सिंह) की हत्या से दुनिया भर में रहने वाले पंजाबी स्तब्ध हैं। इस प्रकरण से पंजाब में सियासी हवा का रुख बदलता प्रतीत हो रहा है। ऐसे में 23 जून को संगरूर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव पर इस प्रकरण का गहरा असर पड़ने की प्रबल संभावना है।

विज्ञापन


संगरूर उपचुनाव समेत पंजाब की सियासत पर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड तमाम मुद्दों पर भारी पड़ता दिख रहा है। उपचुनाव में विपक्षी दलों को सत्ताधारी दल को घेरने का बड़ा मुद्दा मिल गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को उन्हीं के ‘घर’ में घेरने की तैयारी विरोधी दलों ने कर ली है और सरकार के खिलाफ तीखी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। इतिहास गवाह रहा है कि इस इलाके के लोग संवेदनशील रहे हैं और बडे़ बदलाव लाने में जरा भी देरी नहीं करते। आप के लिए नई सुबह का आगाज इसी इलाके ने किया था।

मुख्यमंत्री भगवंत मान इस लोकसभा सीट से दो बार बडे़ अंतर से जीत दर्ज कर चुके हैं। अकाली दल (अमृतसर) की सियासत को इसी इलाके ने धार दी थी। अभिनेता दीप सिद्धू की मौत का असर संगरूर, बरनाला जिलों में हाल ही के विधानसभा चुनाव में साफ तौर पर दिखाई दिया था। तब शिअद (अमृतसर), दीप सिद्धू के मुद्दे को लेकर युवा वोटरों को अपने पक्ष में करने में सफल रहा था। 
विज्ञापन


अमरगढ़ विस क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान तब 38 हजार मत हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे। संगरूर लोकसभा उपचुनाव के लिए पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान फिर ताल ठोंक चुके हैं। दो बार संसद पहुंचने वाले सिमरनजीत सिंह मान 1999 में संगरूर लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं और उनके चुनाव मैदान में होने से बडे़ उलटफेर की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

संगरूर संसदीय सीट के तहत आने वाली नौ विधानसभा सीटों पर आप का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। आप ने इन नौ विस सीटों पर 53 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल किए थे। आम आदमी पार्टी को कांग्रेस से सवा चार लाख और अकाली दल से पांच लाख वोट ज्यादा मिले थे। संगरूर संसदीय इलाके में नौ विधानसभा क्षेत्र (मालेरकोटला, धूरी, संगरूर, सुनाम, दिड़बा, लहरागागा, बरनाला, भदौड़ व महलकलां) आते हैं।

उक्त नौ विस क्षेत्रों में कुल 12 लाख नौ हजार वोट डाले गए और इनमें 6 लाख 43 हजार ज्यादा वोट आप को मिले थे। कांग्रेस को दो लाख 18 हजार, अकाली दल को एक लाख 41 हजार, भाजपा को 86 हजार मिले थे। हैरत की बात यह है कि अकाली दल अमृतसर को आप की जबरदस्त आंधी के बीच करीब 76 हजार वोट मिले थे। वर्तमान दौर में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब की बदली सियासी हवा किसी नए समीकरण को जन्म दे सकती है।

संगरूर लोकसभा उपचुनाव की खातिर आम आदमी पार्टी जल्द ही प्रत्याशी की घोषणा करेगी। सीएम की बहन मनप्रीत कौर के अलावा कुछ सेलिब्रिटी के नाम चर्चा में हैं लेकिन सिद्धू मूसेवाला हत्या प्रकरण के बाद आम आदमी पार्टी, प्रत्याशी के चयन को लेकर नए सिरे से मंथन में जुट गई है। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें