भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की जगरांव में हुई फतेह रैली के कारण दूर-दराज राज्यों से एयर फोर्स स्टेशन हलवारा में एयरफोर्स कामन एडमिशन टेस्ट (एफकेट) की परीक्षा देने आए कई छात्र पेपर देने से वांछित रह गए।
ये छात्र पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए रुट प्लान के कारण लुधियाना से हलवारा आते हुए जाम में फंसे रहे और परीक्षा स्थल तक समय रहते नहीं पहुंच पाए।
ये भी पढ़ें: नरेंद्र मोदी ने दिया गुजराती-पंजाबी भाई-भाई का नारा
इस कारण वायुसेना प्रशासन ने उन्हें परीक्षा में बैठने नहीं दिया। हालांकि यह परीक्षा दो शिफ्टों में ली गई। पहली शिफ्ट सुबह दस बजे और दूसरी शिफ्ट में परीक्षा दोपहर एक बजे ली गई।
दोनों ही शिफ्टों में एक ही प्रश्न पत्र होने के कारण देर से पहुंचे इन छात्रों को दूसरी शिफ्ट में भी परीक्षा नहीं देने दी गई।
जहां एक तरफ नरेंद्र मोदी जगरांव फतेह रैली में जनता को सुनहरे भविष्य के सपने दिखा रहे थे, ठीक उसी समय ये छात्र अपने भविष्य के सपने को चूर-चूर होता देख निराश मन से वापस जा रहे थे।
ये भी पढ़ें: मोदी का हमला, 'भ्रष्टाचार की एबीसीडी है कांग्रेस'
एफटेक की यह परीक्षा स्टेशन में स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर एक में ली गई। ओडिसा के भुवनेश्वर से परीक्षा देने आए रुद्र नारायण पांडा ने कहा कि वे दो दिन ट्रेन का सफर कर लुधियाना पहुंचा था। सुबह दस बजे परीक्षा होनी थी।
लुधियाना से हलवारा 45 मिनट का रास्ता है। इसके बावजूद वे सुबह साढ़े सात लुधियाना से बस में बैठे, लेकिन रूट डायवर्ट होने के कारण जगह-जगह जाम लगे थे। वे चार घंटे में हलवारा पहुंचे।
इसी तरह छत्तीसगढ़ से आईं मंजूला पांडे, चंडीगढ़ से आए केशव शर्मा एवं पवन कुमार, कुछ अन्य विद्यार्थी परीक्षा देने से वांछित रह गए। इन विद्यार्थियों ने वायु सेना प्रशासन की बहुत मिन्नत की, लेकिन नियमों का वास्ता देकर इन सबको लौटा दिया गया।