राजधानी दिल्ली के राजपथ पर 26 जनवरी को परेड में हिस्सा लेना हर किसी के लिए गौरव की बात है और इस बार यह मौका श्यामलाल, निकिता को प्राप्त हुआ है। देश की वह ताकत दिखाई देगी, जिस पर हर नागरिक को नाज है। इस परेड में हिस्सा लेना मात्र ही किसी भी देशवासी के लिए गौरव भरा पल होता है। इस साल चंडीगढ़ के कॉलेजों और स्कूलों के 18 हजार में से दो विद्यार्थियों को चुना गया है, जो दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड में चंडीगढ़ को रिप्रेजेंट करेंगे।
परेड के लिए इस साल पंजाब यूनिवर्सिटी के इवनिंग स्टडीज डिपार्टमेंट के बीए फाइनल ईयर के छात्र श्यामलाल और चंडीगढ़ के सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज से निकिता को चुना गया है। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब पीयू का कोई छात्र नेशनल परेड का हिस्सा बनने जा रहा है। अभी तक स्कूल और कॉलेजों से ही 26 जनवरी की परेड में छात्रों का चयन होता आया है।
ऐसे होता है विद्यार्थियों का चयन
विद्यार्थियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए सबसे पहले राज्यस्तर पर छात्रों की छंटनी की जाती है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ के वालंटियर्स में से करीब 200 का चुनाव होता है। इन 200 वालंटियर्स के लिए प्री-रिपब्लिक डे कैंप आयोजित किया जाता है। इसमें छात्रों को परेड के लिए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की ट्रेनिंग दी जाती है।
प्री-रिपब्लिक डे कैंप के आखिरी दिन मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स, एनएसएस के डायरेक्टर व दो अन्य अधिकारियों द्वारा इन 200 वालेंटियर्स का इंटरव्यू लिया जाता है। श्यामलाल ने बताया कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस के मौके पर परेड करने वाले वालंटियर्स का चयन करते समय बहुत सी चीजें देखी जाती हैं। इसमें हाइट, उम्र और एनएसएस वालंटियर्स होना प्रमुख है। लड़कों की 165 से 180 सेमी तथा लड़कियों की 155 से 170 सेमी हाइट होना अनिवार्य है। अंत में इन सात राज्यों में से 10 छात्रों का ही चयन किया जाता है।
प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मिलने के लिए उत्साहित
श्यामलाल ने बताया कि उनका यह कैंप एक माह एक से 31 जनवरी तक चलेगा। निकिता व श्यामलाल परेड के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से भी मिलेंगे। परेड में चयनित निकिता ने बताया कि वह प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति से मिलने के लिए काफी उत्साहित हैं। उनके पेरेंट्स भी इसे लेकर काफी गर्व महसूस कर रहे हैं।
मैं अपने आपको खुश किस्मत मानती हूं जो मैं अपने शहर को रिप्रेजेंट करने के लिए चुनी गई हूं।
-निकिता, एमसीएम डीएवी, सेक्टर-36
26 जनवरी के बाद ही प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मिलवाया जाएगा। जिसे लेकर मैं अपने आप में ही प्राउड फील कर रहा हूं।
- श्यामलाल, पीयू।