चंडीगढ़। पानीपत में नाै दिसंबर को आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर वीरवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी करनाल और पानीपत के अधिकारियों की बैठक लेंगी। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा से ज्यादा हो, इसके लिए विभाग काम कर रहा है। प्रदेश सरकार महिलाओं को पूरा सम्मान दे रही है। इसी के तहत महिलाओं के लिए गांवों में चौपाल बनाने से लेकर अन्य योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। कहा, अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आंगनबाड़ी केंद्रों में तमाम सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास को लेकर पौष्टिक राशन वितरित किया जाए। राशन की पौष्टिकता की जांच कराने के लिए गांवों में निगरानी कमेटियां गठित की जाएंगी।