चंडीगढ़। सेक्टर-40 स्थित श्री हनुमंत धाम में महिला सुंदर कांड सभा की ओर से 24 से 29 अक्तूबर तक पंचमुखी श्री हनुमान जयंती उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सभा की प्रधान नीना तिवारी ने बताया कि 24 से 28 अक्तूबर ( 27 को छोड़कर) तक रोजाना श्री हनुमान जी की पालकी यात्रा सेक्टर-37, 38, 39, 40, 41 में निकाली जाएगी व जगह-जगह कई हनुमान भक्तों के घरों में पालकी का स्वागत होगा। पालकी यात्रा श्री हनुमंत धाम में संपन्न होगा।
नीना तिवारी ने बताया कि 29 अक्तूबर को सुबह सुबह 7 बजे से साढ़े 8 बजे तक हवन एवं ध्वजारोहण से कार्यक्रम होगा। सुबह 9 बजे से सामूहिक सुंदरकांड का पाठ होगा। दोपहर को सवा एक बजे 251 दीपकों द्वारा भव्य महाआरती की जाएगी। उन्होंने बताया कि देसी घी से तैयार 51 किलो वजन के एक लड्डू का भोग लगाया जाएगा। बाद में छप्पन व्यंजनों का भी भोग लगेगा। इस मौके पर अटूट भंडारा का आयोजन होगा।