उधर, जालंधर के प्रताप बाग में लगने वाली साप्ताहिक सब्जी मंडी को हटवाने के लिए थाना डिवीजन-3 की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत मंडी बंद करने के आदेश जारी कर दिए और घोषणा कर दी कि कोई भी व्यक्ति इस तरह दुकान लगाकर सब्जी नहीं बेच सकता। अगर किसी को सब्जी बेचना है तो वह मात्र गली-मोहल्लों में घूमकर ही सब्जी बेच सकता है। इस घोषणा के बाद सब्जी मंडी के दुकानदार इकट्ठा हो गए और मंडी को बंद न करने की जिद पर अड़ गए।
दुकानदारों का कहना है कि शहर में लगभग सभी मंडियां खुली हुई हैं। मकसूदा सब्जी मंडी में सभी फड़ी लग रही हैं और हजारों लोग भी आ रहे हैं। चौगिट्टी के पास लगने वाली मंडी भी शुरू है लेकिन पुलिस अचानक उनकी मंडी बंद करवाने पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यहां पर 150 सब्जी वाले हैं, जिनके पास करीब 20 लाख का माल हैं, अब यह सब्जी लेकर कहां जाएं।
सब्जी विक्रेताओं ने कहा कि पिछले शुक्रवार भी मंडी लगी थी। प्रशासन ने यदि मंडी नहीं लगने देनी है तो उन्हें पहले सूचित किया जाना चाहिए था। मौके पर पहुंचे एसएचओ मुकेश कुमार ने दुकानदारों को समझाया कि कोरोना बहुत फैल रहा है, इसलिए आप सभी प्रशासन की मदद करें। अंत में फैसला हुआ कि सरकारी गाइडलाइन के साथ शुक्रवार को तो मंडी लगेगी लेकिन अगले सप्ताह से यह मंडी बंद रहेगी।