राज्य सरकार ने लेवल-3 टीकाकरण के लिए सीरम इंस्टीट्यूट को 30 लाख डोज का ऑर्डर दिया है। केंद्र सरकार ने ऑर्डर के अंतर्गत इस महीने के लिए पंजाब को 3.30 लाख डोज अलॉट कर दी हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि विश्व बैंक से लिए कर्जे में से कुछ हिस्सा टैंकरों सहित 10,000 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर, ऑक्सीजन प्लांट और वैक्सीन खरीदने के लिए इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने बताया कि टाटा ग्रुप द्वारा भेजे गए 500 ऑक्सीजन कन्संट्रेटरों के अलावा टाटा मेमोरियल अस्पताल द्वारा भी 200 और कन्संट्रेटर भेजे गए हैं।
बठिंडा अस्पताल में कैंसर रोगियों की कीमोथेरेपी के प्रबंध के निर्देश
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू और मेडिकल शिक्षा मंत्री ओपी सोनी को हिदायत दी कि वे बठिंडा सिविल अस्पताल में कैंसर के मरीजों को कीमोथेरेपी मुहैया कराने की संभावनाओं का पता लगाएं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जिले के कैंसर अस्पताल का इस्तेमाल कोविड मरीजों के लिए एल-3 सुविधा के तौर पर जारी रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश शुक्रवार को कोविड समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री द्वारा कैंसर अस्पताल को कोविड सुविधा के लिए इस्तेमाल करने से कैंसर के मरीजों को हो रही समस्याओं पर चिंता जाहिर करने के बाद जारी किया गया। मुख्य सचिव द्वारा बठिंडा में कोई और एल-3 सुविधा न होने की सूरत में कैंसर अस्पताल को कोविड सुविधा के तौर पर बरतने के लिए गए फैसले का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर के जिन मरीजों को नियमित तौर पर दर्द प्रबंधन की जरूरत होती है, उनके लिए कुछ वैकल्पिक प्रबंध किए जाने चाहिए।
इससे पहले मुख्य सचिव विनी महाजन ने कहा कि कैंसर अस्पताल के 25 बेड कोविड-19 मरीजों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं क्योंकि बठिंडा एम्स एल-3 के इलाज के लिए उपलब्ध नहीं है और दक्षिणी पंजाब के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए ऐसी कोई और सुविधा उपलब्ध न होने के कारण लुधियाना या पटियाला में जाना पड़ता है।