मनीमाजरा। बस अड्डे के पास वाली जनता रेहड़ी मार्केट के सामने वाले शोरूम में अतिक्रमण कर बरामदे और फुटपाथ पर दुकानदारी चलाई जा रही है। दुकानदार बेखौफ बरामदे में बैठ कर सामान सजा रखे हैं। एक तरफ इनफोर्समेंट विंग शहर की सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने का दावा कर रहा है, जबकि दूसरी तरफ दुकानदार शोरूम के बरामदों और फुटपाथ पर दुकानदारी कर रहे हैं।
बस स्टैंड के नजदीक मनीमाजरा नगर निगम के सब ऑफिस के सामने वाले शोरूम की दुकानों में हलवाई से लेकर ढाबा संचालक और अन्य दुकानदार मनमर्जी कर रहे हैं। मोटर मार्केट में टायर शोरूम वाले बरामदों में टायरों का ढेर सजा रखते हैं। इनको हटाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। इनफोर्समेंट विंग के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुशील दत्त का कहना कि कोई भी दुकानदार शोरूम और फुटपाथ पर दुकान का सामान नहीं रख सकता है। अगर किसी दुकानदार ने ऐसा किया है तो उसका सामान जब्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।