मनीमाजरा। शहर के व्यस्ततम बाजारों में शामिल मनीमाजरा में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस आराम से सो रही है। दो दिन पहले में समाधि गेट बाजार स्थित मनचंदा केक शॉप को निशाना बनाते हुए चोर नकदी और सीसीटीवी डीवीआर लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में दहशत का माहौल है और पुलिस की गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। केक शॉप की दुकान पर रविवार तड़के करीब 3:32 बजे चोर घुसा और महज सात-आठ मिनट के भीतर लोहे की रॉड से ताले तोडे ओर गल्ले में रखी सिक्कों की नकदी समेट ली। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इससे तीन दिन पहले भी खेड़ा मंदिर के पास सब्जी की दुकान का ताला तोड़कर इसी तरह चोरी की गई थी। उस वारदात को भी करीब 3:30 बजे अंजाम दिया गया था। ओल्ड रोपड़ रोड़ के व्यापारी और आम आदमी पार्टी मनीमाजरा के प्रधान पंकज कुमार ने कहा कि रात में दुकानों के ताले तोड़े जा रहे हैं और दिन में बाहर रखा सामान भी चोरी हो रहा है लेकिन पुलिस की कार्रवाई जीरो है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पंकज ने बताया कि दिनदहाड़े भी दुकानों के बाहर रखा सामान चोरी हो रहा है। दुकानदार सौरभ ने बताया कि पिछले सप्ताह वीरवार शाम करीब 8 बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और उनकी खेड़ा मंदिर के सामने वाली दुकान के बाहर रखे दो पीतल के पतीले उठा ले गए, जिनकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये थी। घटना की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई हैं और बाइक का नंबर भी नजर आ रहा है। इसी तरह ओल्ड रोपड़ रोड पर अरोड़ा हार्डवेयर की दुकान से पिछले शनिवार को एक लड़का हेलमेट पहनकर एक्टिवा पर आया और बाहर रखी फेविकोल की एक बाल्टी चोरी करके भाग गया।