हरियाणा में सोनीपत के मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल राई में राष्ट्रीय शूटिंग रेंज खोलने के लिए सरकार की मंजूरी मिल गई है। इसके निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने डीएनआईटी (डिटेल्ड नोटिस इनवाइटिंग टेंडर)तैयार कर मुख्यालय भेज दी है। इस पर मुहर लगते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान 10 नवंबर 2012 को राई के मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के वार्षिक उत्सव पर शिरकत करने आए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज खोलने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने विद्यालय परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, क्रिकेट पवेलियन और सिंथेटिक लॉन टेनिस कोर्ट का उद्घाटन किया था। याद रहे कि कई दशकों से राई में चल रहे इस खेलकूद स्कूल ने कई अच्छे खिलाड़ियों के साथ-साथ ऊंचे पदों पर पहुंचे विद्यार्थी भी दिए हैं।
ये होगी सुविधा
पूर्व सीएम हुड्डा द्वारा की गई घोषणा पर प्रदेश की भाजपा सरकार ने काम शुरू कर दिया है। नेशनल स्तर की 10 मीटर की शूटिंग रेंज में 80 टारगेट होंगे। इसका निर्माण लगभग 7 करोड़ की लागत से किया जाएगा। यह शूटिंग रेंज पूरी तरह से वातानुकूलित होगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से इसके निर्माण के लिए डीएनआईटी तैयार मुख्यालय भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
=====================
अगले एक साल में काम होगा पूरा
नेशनल स्तर की शूटिंग रेंज के निर्माण कार्य वर्ष 2016 के अंत तक पूरा होगा। इस रेंज में विशाल मल्टीपर्पज हॉल, दर्शकों के बैठने के लिए सीटें, खिलाड़ियों और कोच के ठहरने तथा शूटिंग रेंज प्रतियोगिता में प्रयोग होने वाले सामान के लिए अलग-अलग कमरों का निर्माण किया जाएगा। शूटिंग रेंज के बाहर बगीचों व पार्किंग का निर्माण भी किया जाएगा।
========================
पूर्व सीएम द्वारा घोषित की गई नेशनल स्तर की शूटिंग रेंज के निर्माण की मंजूरी मिलते ही विभाग डीएनआईटी मुख्यालय के पास भेज दी है। शूटिंग रेंज का निर्माण करीब 7 करोड़ की लागत से किया जाना है। डीएनआईटी पर मुहर लगते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-एके गोयल, अधीक्षक अभियंता, पीडब्ल्यूडी