पंजाब राज्य पावर कारपोरेशन लिमिटेड के कारनामों ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। लाख, दो लाख का बिल पहले गलत भेजते थे। अब तो करोड़ों में बात पहुंच गई है। बिजली महकमा ने मोहाली के एक व्यक्ति के नाम 1691 यूनिट बिजली का बिल 885609900 करोड़ रुपये का भेजा दिया है।
यह बिल मोहाली सेक्टर 70 निवासी जीवन ज्योत सिंह के नाम पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो माह तक के बिजली बिल का भुगतान वह पहले ही कर चुके हैं, बावजूद इसके बिजली महकमा ने 102 दिनों का बिजली का बिल भेज दिया है।
किराएदार कंपनी भी परेशान
आईबीएस कंपनी के ब्रांच मैनेजर जतिन सहगल ने बताया कि जीवन ज्योत सिंह के कामर्शियल स्पेश में उनका ऑफिस है। इतना बिजली का बिल देखकर वह दंग रह गए। यह बिल बेशक मकान मालिक के नाम पर था पर इसका भुगतान कंपनी को करना है।
इस बारे में बिजली निगम के एसडीओ सतनाम सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि लिपकीय गलती है। अगले दिन सुबह उपभोक्ता के आने के बाद बिजली का बिल सही कर दिया जाएगा।