खालिस्तानी समर्थक गैंगस्टर के निशाने पर थे सूरी
हिंदू नेता सुधीर सूरी को कई सालों से खालिस्तानी आतंकियों और उनके समर्थित गैंगस्टरों के निशाने पर थे। सूरी खुलेआम पाकिस्तान, आईएसआई और खालिस्तानियों के खिलाफ बयानबाजी करते थे। उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी भी मिली थी। दिवाली से पहले अमृतसर में पंजाब व दिल्ली पुलिस ने कनाडा के आतंकी लखबीर सिंह लंडा के चार गैंगस्टरों को होटल से गिरफ्तार किया था। उन्होंने पूछताछ में बताया था कि उनके निशाने पर सूरी थे। पुलिस के पास भी इस बात के पुख्ता इनपुट थे कि सूरी खालिस्तानी समर्थकों के निशाने पर हैं। इन धमकियों के चलते उनकी सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार की ओर से आठ हथियारबंद जवान मुहैया करवाए गए थे।
आरोपी की कार से आपत्तिजनक सामग्री मिली
हमलावर की कार से पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री मिली है। इसमें पंफलेट और कुछ तस्वीरें शामिल हैं। कार के अंदर टीवी कलाकार भारती सिंह, मनीषा गुलाटी, मनजिंदर सिंह बिट्टा, राम रहीम व कुछ बंदी सिंहों की तस्वीरें हैं। कुछ तस्वीरों पर क्रास का निशान लगा है, जबकि मनीषा की तस्वीर पर गोल निशान लगा है। कार से वारिस पंजाब दे संगठन का एक स्टिकर भी मिला है।
मोदी के ब्यास दौरे से एक दिन पहले हुई वारदात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अमृतसर से सटे डेरा ब्यास आ रहे हैं। पीएम दौरे से एक दिन पहले हुई इस वारदात ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। किसान संगठन मोदी के इस दौरे का विरोध करने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं और अब हिंदू नेता की हत्या ने सुरक्षा एजेंसियों की दिक्कत और बढ़ा दी है।
हिंदू संगठनों ने दी पंजाब बंद की चेतावनी
सुधीर सूरी की मौत के बाद हिंदू संगठनों ने पंजाब बंद कराने की चेतावनी दे दी है। उनका आरोप है कि यह पहला मौका नहीं है, जब हिंदू नेता की हत्या की गई है।
हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। यह आतंकी घटना थी या कुछ और, इस बारे में अभी कहना ठीक नहीं है। कत्ल के पीछे संगठन है या कोई साजिश रची गई है, इसकी जांच कर रहे हैं। गौरव यादव, डीजीपी।