बीजू जनता दल के नेताओं से भी शिअद का यह प्रतिनिधिमंडल मुलाकात कर चुका है। पश्चिम बंगाल, मुंबई के बाद अब शिअद नेताओं का यह प्रतिनिधिमंडल अब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की योजना बना रहा है। इतने नेताओं से मिलने के बाद शिअद के नेताओं का मानना है कि एनडीए के खिलाफ राष्ट्रीय मोर्चा बनाने को लेकर सभी नेताओं ने सकारात्मक संकेत दिए हैं, जो भविष्य के लिए अच्छे संकेत साबित होने वाले हैं।
आने वाले चुनावों में दिखेगा असर
अकाली नेताओं ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव और उसके बाद लोकसभा चुनाव में शिअद की यह मुहिम रंग लाएगी। अकाली नेताओं के मुताबिक पार्टी आने वाले चुनाव की रणनीति तैयार कर रही है और अगला चुनाव दूसरी पार्टियों के गठबंधन के साथ मिलकर लड़ने की संभावनाओं को देखा जा रहा है।
संघीय ढांचे को मजबूत रखने के लिए एक सशक्त राष्ट्रीय मोर्चा बनाया जाना जरूरी है। शिअद नेताओं द्वारा विपक्ष के अन्य नेताओं से मुलाकात के भविष्य में जरूर बदलाव देखने को मिलेंगे। जल्द ही पंजाब में भी इसके परिणाम दिखाई भी देने लगेंगे। - डॉ. दलजीत चीमा, महासचिव, शिरोमणि अकाली दल।
एनडीए से गठबंधन टूटने के बाद अब शिअद नए विकल्पों को खोज रहा है। हर राजनीतिक दल को लोकतंत्र की व्यवस्था में यह अधिकार मिला हुआ है। राष्ट्रीय मोर्चा बनाने की इससे पहले भी पहल की जा चुकी है, यदि अकाली दल कर रहा है तो कोई नई बात नहीं है। - अश्वनी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब, भाजपा।
शिअद का संगठन विस्तार जारी
शिअद ने महिला विंग के ढांचे में विस्तार के बाद गुरुवार को शिअद ने उद्योग विंग के ढांचे में विस्तार किया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की अध्यक्षा बीबी जागीर कौर ने महिला विंग के संगठन में विस्तार देते हुए जिला मानसा (शहरी) तथा (ग्रामीण) के अध्यक्षों की घोषणा की है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की अध्यक्ष जागीर कौर ने बताया कि सिमरजीत कौर सिम्मी को जिला मानसा (ग्रामीण) तथा बलबीर कौर बुढ़लाडा को जिला मानसा (शहरी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शिअद के व्यापार तथा उद्योग विंग के अध्यक्ष तथा विधायक एनके शर्मा द्वारा व्यापार तथा उद्योग विंग के संगठनात्मक ढांचे में बढ़ोतरी करते हुए पार्टी के साथ जुड़े व्यापार तथा उद्योग जगत के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
हरपाल जुनेजा पटियाला तथा हरप्रीत सिंह जालंधर विंग का जनरल सचिव नियुक्त किया गया है। जिन नेताओं को व्यापार तथा उद्योग विंग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, उनमें अवतार सिंह बिट्टा लुधियाना, भूपिंदर सिंह धरना लुधियाना, मनप्रीत सिंह बंटी लुधियाना, गुरविंदर सिंह सचदेवा, रजिंदर सिंह सरहानी, गुरप्रीत सिंह रावी तथा गुरबचन सिंह कथूरिया के नाम शामिल हैं।