चंडीगढ़ में प्रदर्शन करने जाते अकाली प्रधान सुखबीर बादल।
- फोटो : अमर उजाला
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए। सुखबीर ने कहा कि चन्नी और हरीश चौधरी मिलकर पंजाब में रेत का कारोबार कर रहे हैं और चन्नी खुद रेत के सबसे बड़े माफिया हैं। हरीश चौधरी पंजाब कांग्रेस नहीं, खनन माफिया के प्रभारी हैं।
चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास घेरने के लिए जाते हुए पत्रकारों से बातचीत में सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में जिस ठेकेदार चांडक को रेत खनन का काम दिया गया है, वह हरीश चौधरी का राइट हैंड है और चौधरी ने ही पंजाब सरकार से सिफारिश कर उसे रेत खनन का काम दिलाया है। उन्होंने कहा कि चौधरी और मुख्यमंत्री चन्नी मिलकर रेत खनन का कारोबार चला रहे हैं और यही कारण है कि मुख्यमंत्री चन्नी ने खनन विभाग अपने पास ही रखा है।
सुखबीर ने कहा कि चन्नी इस समय पंजाब में सबसे बड़े रेत माफिया की तरह काम कर रहे हैं। सुखबीर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चन्नी के रेत और शराब माफिया से गहरे संबंध हैं। रेत माफिया का एक बड़ा नाम जलालपुर और शराब माफिया में बड़ा नाम हरदयाल कंबोज का चन्नी के साथ उठना-बैठना है।
बस एक महीने की बात है : सुखबीर
सुखबीर ने यह भी कहा कि पंजाब में चन्नी केवल एक डमी सीएम हैं, क्योंकि असल में सरकार पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि डीजीपी की नियुक्ति हो या एजी की। या अन्य किसी अधिकारी की, सिद्धू ही फैसला लेते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी और पंजाब कांग्रेस प्रधान यह बात समझ लें कि बस एक महीने की बात है। एक महीने बाद चुनाव होंगे और फिर नई सरकार बनेगी और नई सरकार बनने के बाद अधिकारियों, नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो झूठे मामले बनाकर लोगों को और नेताओं को फंसाने की साजिश रच रहे हैं।