आप की ओर से राज्यपाल आवास के सामने काले झंडे के साथ धरना देकर काला दिवस मनाया। पार्टी के किसान विंग के प्रदेश प्रधान और विधायक कुलतार सिंह संधवां और यूथ विंग के प्रदेश प्रधान और विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर के नेतृत्व में आप के कार्यकर्ता धरने में शामिल हुए।
बैरिकेड तोड़कर किसान डिप्टी सीएम की कोठी की ओर बढ़े, पुतला फूंका
सिरसा में पुलिस ने आंदोलनकारी किसानों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे बैरिकेड तोड़ते हुए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की कोठी की ओर निकले। कोठी से करीब 150 मीटर दूर एकजुट होकर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का पुतला फूंका। हिसार जिले के चारों टोल प्लाजा पर चल रहे धरना स्थलों पर भी केंद्र सरकार के पुतले फूंके गए। इंडियन नेशनल लोकदल कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लेकर काला दिवस मनाया। आदमपुर विधायक कुलदीप बिश्नोई के हिसार तथा आदमपुर आवास पर काले झंडे फहराए गए।
शंभु बॉर्डर पर किसानों ने जलाया पुतला
अंबाला के शंभु बॉर्डर पर किसानों ने पुतला जलाकर सरकार के प्रति रोष जताया। यमुनानगर, पानीपत और कुरुक्षेत्र जिले में विभिन्न संगठनों ने किसानों के समर्थन में काला दिवस मनाकर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की। करनाल और कैथल जिले में भी किसानों को समर्थन देकर कई कर्मचारी संगठनों ने रोष प्रदर्शन किया। इन संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने कार्यालयों में काले बिल्ले लगाकर काम किया। लोगों के घरों की छतों पर भी किसानों के समर्थन में काले झंडे लगे नजर आए।