चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई, लेकिन पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने आवेदनपत्र नहीं लिया। चुनाव विभाग ने इस बार ऑनलाइन नामांकन का भी विकल्प दिया है, लेकिन पहले दिन किसी ने ऑनलाइन आवेदन नहीं किया। माना जा रहा है कि नामांकन के अंतिम दिनों में बड़ी संख्या में पर्चे भरे जाएंगे।
शहर में शनिवार से नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। यह चुनावी महासमर 30 दिसंबर तक चलेगा। नामांकन भरने के लिए चार दिसंबर अंतिम तारीख है। सात दिन बाकी हैं, इसलिए उम्मीदवार अभी कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। दूसरा बड़ा कारण है कि शहर की सभी प्रमुख पार्टियों ने अभी तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, इसलिए सभी टिकट मिलने की स्थिति के स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।
चुनाव विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि नामांकन के तीसरे-चौथे दिन ज्यादा संख्या में उम्मीदवार आवेदनपत्र लेने पहुंचेंगे और आखिरी दिनों में ही सबसे ज्यादा नामांकन दाखिल होंगे। भाजपा और कांग्रेस भी दो दिसंबर को अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे। नामांकनपत्रों की छंटनी 6 दिसंबर को होगी, जबकि 9 दिसंबर तक उम्मीदवार नामांकन को वापस ले सकेंगे। इसके बाद 24 दिसंबर को मतदान होंगे और 27 दिसंबर को वोटों की गिनती और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
ऑनलाइन नामांकन दाखिल करने के लिए वेबसाइट का लिंक जारी
चुनाव आयोग ने इस बार ऑनलाइन नामांकन भरने की भी सुविधा दी है। उम्मीदवार
https://secdelhi.tk/SECChandigarh2021EVoterWeb/index.php वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन नामांकन भर सकते हैं। इसके अलावा
https://chandigarh.gov.in/departments/state-election-commission वेबसाइट पर जाकर चुनाव संबंधी अन्य दस्तावेजों को डाउनलोड किया जा सकता है। हालांकि एफिडेविट व हस्ताक्षर कर दस्तावेजों को शारीरिक रूप से ही जमा कराना होगा। ईवीएम पर प्रत्याशी की फोटो होगी, इसलिए सभी से दो फोटो भी मांगे गए हैं। राज्य चुनाव आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने बताया कि दूसरे राज्यों में चुनाव की बेहतर व्यवस्था को देखते हुए दूसरे राज्यों के विशेष आब्जर्वर चुनाव में लगाए जाएंगे। चुनाव संबंधी किसी शिकायत या जानकारी के लिए लोग 5025108, 5025109 और 5003206 पर कॉल कर सकते हैं। सेक्टर-17 स्थित राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर में जाकर भी शिकायत कर सकेंगे।