महिंदर सिंह रिणवा को अकाली दल में शामिल करते सुखबीर बादल।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर विपक्षी दल शिरोमणि अकाली दल ने सरकार को चेतावनी दी है। शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने कहा है कि यदि हम अभी नहीं संभले तो पंजाब को इससे उबरने में कई साल लग जाएंगे। उन्होंने सरकार को संक्रमण से निपटने के लिए मिशन बनाकर काम करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को ब्लॉक स्तर पर कोविड सेंटर बनाने के लिए भी कहा।
चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को बातचीत के दौरान शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि राज्य में तेजी से महामारी अपने पांव पसार रही है। यह समय सियासत का नहीं है। सरकार को इस पर लगाम लगाने के लिए गंभीरता से काम करना होगा। सरकार को इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर पहला काम संक्रमितों को स्वस्थ करना है और दूसरा काम टीकाकरण में तेजी लाना है।
पंजाब में जिस तरह से संक्रमण से मौतें हो रही हैं, उस के अनुसार आंकड़े नहीं बताए जा रहे हैं। यदि जल्द ही सरकार ने इस पर गंभीरता से काम नहीं किया तो घर घर संक्रमण फैल जाएगा। उन्होंने कहा कि इस काम में शिअद सरकार को पूरा सहयोग देगी। यदि सरकार ब्लॉक स्तर पर कोविड सेंटर खुलवाती है तो शिअद की तरफ से राज्य के लोगों के लिए लंगर सेवा दी जाएगी, आर्थिक मदद भी करेगी। लेकिन सेंटर तो सरकार को ही खोलने होंगे।