अमृतसर हाइवे पर हादसे में बाल-बाल बचीं शिल्पा शेट्टी जालंधर पहुंचते ही काफी भावुक हो गईं। भावुक होते हुए कहा कि पहले नवरात्र पर मरना तय था, पर माता रानी ने उन्हें और राजकुंद्रा को बचा लिया। यहां लोग इतनी लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं कि सांस अटकी रहती है।
शिल्पा जब अपने पति राजकुंद्रा के साथ अमृतसर राजासांसी एयरपोर्ट से जालंधर मॉडल टाउन आ रहीं थी तो रास्ते में ढिलवां के पास शिल्पा शेट्टी की गाड़ी और एक अन्य गाड़ी के बीच टक्कर हो गई। इससे शिल्पा बेहद घबराई र्हुइं थी। अपनी घबराहट को वह छिपा नहीं पाईं।
नेशनल हाईवे पर हुई घटना का जिक्र किया ही था कि उन्होंने कहा कि शुक्र है महामाई का जिन्होंने उन्हें बचा लिया। आज पहला नवरात्र है और मां की कृपा से ही हम बचे हैं। शिल्पा ने बताया कि इतनी तेजी से सिक्योरिटी की एक गाड़ी हमारे आगे आ गई कि बड़ी मुश्किल से जान बची।
पीड़ितों से सुनिए, क्या था मामला
प्रभजोत सिंह बोपाराय पुत्र स.तेजवंत सिंह निवासी फेस-2 मोहाली का आरोप है कि वह और उसके दो साथी दिग्विजय पुत्र ज्ञान चंद शर्मा और मुनीश कौशल पुत्र राय कौशल निवासी डल्ला जिला कांगड़ा अमृतसर से मोहाली जा रहे थे। रास्ते में एक जिप्सी और पांच-छह अन्य गाड़ियां जा रहीं थी। प्रभजोत ने उन गाड़ियों को ओवरटेक किया।
कुछ देर बार काफिले ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और ढिलवां टोल प्लाजा पर रोक लिया। इसके बाद 25-30 लोगों ने उनकी गाड़ी पर लाठियों से हमलाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रभजोत ने बताया कि उन्होंने बचाव करने के लिए गाड़ी के शीशे बंद कर लिए। उनकी कोई गलती नहीं थी। उनकी गाड़ी काफिले की किसी भी गाड़ी से नहीं लगी।
उन्होंने बताया कि वह फिलिप्स कंपनी में कार्यरत है और एक बैठक कर अमृतसर से मोहाली वापस जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना ढिलवां के प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल सिंह पार्टी समेत घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में मामूली झड़प हुई थी।
अब शिल्पा की बात
शिल्पा को घटना का पूरा हाल भी नहीं पता था कि उनके वहां से जाने के बाद क्या हुआ ? शिल्पा का कहना था कि उनकी सिक्योरिटी तो मुंबई से ही साथ में आई है। इन्होंने तो कुछ नहीं किया। अमृतसर से तो हमारे साथ बाकायदा पुलिस भी आ रही थी। अब उनके आने के बाद क्या हुआ उन्हें इसके बारे में कुछ नहीं पता।
पंजाबी फिल्म प्रोड्यूस करेगी शिल्पा शेट्टी
शिल्पा ने कहा कि वह अभी डेढ़ साल के ब्रेक पर हैं। वे पहले अपने बच्चे की परवरिश को तवज्जो दे रही हैं। डेढ़ साल बाद दोबारा फिल्मों का दौर शुरू हो जाएगा। शिल्पा का कहना है कि वह आने वाले दिनों में पंजाबी फिल्मों में नायिका का रोल तो नहीं करेंगी लेकिन उन्हें प्रोड्यूस जरूर करेंगी।