सर्दी से पहले बेघरों को मिलेगा ठिकाना, 1 दिसंबर से पहले तैयार होंगे सभी रैन बसेरे
चीफ इंजीनियर ने तय की डेडलाइन, मरम्मत से लेकर बिजली, पानी और शौचालयों तक की व्यवस्था होगी दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। सर्दी बढ़ने के साथ बेघर और जरूरतमंद लोगों को रात गुजारने के लिए सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने की तैयारी तेज हो गई है। नगर निगम ने शहर के सभी चिह्नित रैन बसेरों को 1 दिसंबर 2026 से पहले पूरी तरह तैयार करने की समयसीमा तय की है। चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि मरम्मत, बिजली, पानी, सीवरेज और शौचालयों से जुड़े सभी काम तय समय में पूरे किए जाएं। समयसीमा के बाद कोई भी व्यवस्था अधूरी नहीं रहनी चाहिए।
तीन प्रमुख रैन बसेरों में सुधरेंगी सुविधाएं
नगर निगम सेक्टर-17 स्थित रैन बसेरे, पीजीआई स्थित इन्फोसिस रेडक्रॉस सराय और आईएसबीटी-43 में जरूरी सुविधाएं दुरुस्त करवा रहा है। इन केंद्रों का संचालन इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, यूटी चंडीगढ़ और चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) के साथ हुए समझौते के तहत किया जा रहा है।
चार विंग को सौंपी अलग-अलग जिम्मेदारी
चीफ इंजीनियर ने बीएंडआर, हॉर्टिकल्चर, इलेक्ट्रिकल और पब्लिक हेल्थ विंग के अधिकारियों को काम बांट दिए हैं। बीएंडआर विंग भवनों की मरम्मत और रेनोवेशन करवाएगा। इलेक्ट्रिकल विंग बिजली कनेक्शन, लाइटिंग और सुरक्षा संबंधी इंतजाम करेगा। वहीं, पब्लिक हेल्थ विंग पानी की सप्लाई, सीवरेज, ड्रेनेज, प्लंबिंग और शौचालयों को चालू हालत में सुनिश्चित करेगा।