विश्व हिंदू परिषद् के प्रवीण तोगड़िया और भाजपा के गिरीराज किशोर की ओर से दो दिनों में मुसलमानों के खिलाफ दिए बयान की शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कड़े शब्दों में निंदा की है।
जामा मस्जिद में पत्रकारों से बातचीत में स्वतंत्रता संग्राम में शामिल रही अहरार के प्रधान शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान ने कहा कि तोगड़िया और गिरीराज इस बात को अच्छी तरह समझ लें कि मुसलमान उनकी धमकियों से घबराने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि फिरकाप्रस्त नेता ऐसी बयानबाजी करके देश में अमन और कानून की व्यवस्था को खराब करना चाहते हैं और सस्ती शोहरत बटोर रहे हैं।
शाही इमाम ने कहा कि मुसलमान इस देश में किराएदार नहीं हैं, यह हमारा वतन है, हमने अपने वतन की आजादी के लिए कुर्बानियां दी हैं।
उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास इस बात का गवाह है कि हिंदू, मुस्लिम, सिख और सभी धर्मों के लोगों ने मिलकर अंग्रेज हुकूमत से लड़ाई लड़ी और आज भी सभी धर्मों के लोग ऐसे फिरकाप्रस्तों की साजिशों को कामयाब नहीं होने देंगे।
मौलाना हबीब उर रहमान लुधियानवी ने कहा कि गिरीराज और तोगड़िया ऐसी बातें करके अपने आकाओं को खुश तो कर सकते हैं, लेकिन विश्व की सबसे बड़ी जमहूरियत में रहने वाले सवा सौ करोड़ लोगों के दिलों को नहीं जीत सकते।
शाही इमाम ने मजलिस अहरार की ओर से मांग की है कि इन दोनों भड़काऊ भाषण देने वाले लीडरों के खिलाफ न सिर्फ मुकदमा दर्ज हों बल्कि इन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इस मौके पर शाही इमाम के सचिव मुहम्मद मुसतकीम, मुफ्ती जमालुद्दीन, मुहम्मद शाहनवाज और मुहम्मद सरफराज अहरारी मौजूद थे।