पंचकूला में शहीद भगत सिंह ट्रॉफी के लिए आयोजित दूसरी रुरल प्रीमियर क्रिकेट लीग में हरियाणा ने पंजाब की टीम को आठ विकेट से शिकस्त दी। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर के क्रिकेट ग्राउंड में अंडर-14 आयु वर्ग में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब की टीम पहले खेलते हुए 23.5 ओवर में 103 रन पर सिमर गई। इसके जवाब में हरियाणा की टीम ने दो विकेट खोकर 11.2 ओवरों में 104 रन बनाकर जीत हासिल की।
हरियाणा की टीम के लिए प्रणव ने 21 रन देकर 4 विकेट झटके और उनको मैन ऑफ दी मैच चुना गया। हरियाणा की टीम के विशेष ने 40 बॉल पर 54 रन, श्रेय छिब्बर ने 15 बॉल पर 10 रन, टीम के कप्तान पारस ने 10 बॉल पर 8 रन और तनिष्क ने 5 बॉल पर 5 रन बनाए।
पंजाब की टीम के लिए निखिल ने 50 बॉल पर 26 रन, लवेश ने 25 बॉल पर 17 रन, प्रतीत ने 28 बॉल पर 18 रन, नमन ने 4 बॉल पर 4 रन, समर्थ ने 10 बॉल पर 7 रन, करणदीप सिंह ने 13 बॉल पर 7 रन, जगजी ने 6 बॉल पर 5 रन बनाए। टीम के लिए करणदीप गिल, शुभम, शिवम टंडन व भवेश खाता भी नहीं खोल सके। पंजाब की टीम 23.5 ओवर में 103 रन ही बना सकी। इस मौके पर क्रिकेट फेडरेशन ऑफ हरियाणा के प्रेस सचिव सुरेंद्र गोयल ने प्रणव को मैंन ऑफ दी मैच के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर फेडरेशन के महासचिव अमरजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
राज्यपाल सोलंकी होंगे मुख्य अतिथि
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी 27 मई को शाम 7.30 बजे सेक्टर-3 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित दूसरी शहीद भगत सिंह हरियाणा रुरल प्रीमियर जूनियर नेशनल क्रिकेट लीग चैंपियनशिप के समापन समारोह के मुख्यातिथि होंगे।
क्रिकेट फेडरेशन ऑफ हरियाणा के महासचिव अमरजीत सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्यपाल इस प्रतियोगिता की विजेता टीमों को ट्राफी प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में हरियाणा के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनिल विज विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके अलावा अंबाला के सांसद रतनलाल कटारिया, विधायक पंचकूला ज्ञानचंद गुप्ता, विधायक कालका लतिका शर्मा की विशेष उपस्थिति रहेगी।