शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने केंद्र सरकार से फिल्म ‘नानक शाह फकीर’ पर पाबंदी की मांग की है। कमेटी की अंतरिम कमेटी की मंगलवार को यहां हुई बैठक में कहा गया कि फिल्म में गुरु साहिब और उनके परिवार के बारे में निभाई गई भूमिका सिख परंपराओं के विपरीत है।
एसजीपीसी अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने कहा कि कमेटी केंद्र सरकार सहित सेंसर बोर्ड से मांग करती है कि फिल्म पर तुरंत पाबंदी लगाई जाए। बैठक में कहा गया कि यदि भविष्य में किसी को सिख धर्म से संबंधित कोई धार्मिक फिल्म बनानी हो तो उसकी स्क्रिप्ट पहले एसजीपीसी को दिखाई जाए। फिर फिल्म बनने के बाद रिलीज होने से पहले भी इसे कमेटी को दिखाया जाए।
एसजीपीसी की मंजूरी के बाद ही इसे रिलीज किया जाए। केंद्र सरकार से मांग की गई कि सेंसर बोर्ड में सिखों का प्रतिनिधित्व कायम करने के लिए एसजीपीसी के दो प्रतिनिधियों को जगह दी जाए। बैठक में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर कुछ शरारती तत्व सिखों को अलगाववादी और आतंकवादी करार देने की कोशिश कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। भारत तथा अन्य देशों की सरकारों से एसजीपीसी ने मांग की कि इस पर तुरंत पाबंदी लगाई जाए।