स्पोर्ट्स अथारिटी ऑफ इंडिया (साई) के हिसार केंद्र की राष्ट्रीय स्तर की सात नाबालिग महिला पहलवानों ने अपने कुश्ती कोच पर शारीरिक छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी लिखित शिकायत में खिलाड़ियों ने आरोप लगाया है कि उन पर जातिगत टिप्पणियां की जा रही हैं और गालियां भी दी जाती हैं। इन खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी पत्रकारों से रूबरू हुए और उन्होंने आरोपी कुश्ती कोच सतबीर पंघाल पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
सभी सातों खिलाड़ी 14 से 16 साल की हैं। सभी खिलाड़ी आईजी कार्यालय पहुंची, जहां से निर्देश मिलने के बाद एचएयू चौकी में आरोपी कोच सतबीर पंघाल पर केस दर्ज कर लिया गया है।
खेल संस्थान में प्रशिक्षण हासिल करने के लिए हॉस्टल में रहने वाली पहलवानों ने शुक्रवार को पत्रकारों के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए अपने कोच पर कई गंभीर आरोप लगाए।
15 साल की पहलवान ने बताया कि वह कुश्ती प्रैक्टिस कर रही थी। इस दौरान कोच सतबीर पंघाल ने उसे छत पर बुलाया और शारीरिक छेड़छाड़ करने लगा। एक और महिला पहलवान ने आरोप लगाया कि कोच ने अकेले में उसकी साथ शारीरिक छेड़छाड़ की।
सातों महिला पहलवानों ने कहा कि कोच द्वारा उन्हें मानसिक तौर पर भी प्रताड़ना दी जाती है। एक महिला पहलवान ने कहा कि कोच ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं। खिलाड़ियों के चरित्र को लेकर भी कोच ने लगातार टिप्पणियां कीं।
महिला पहलवानों ने आरोप लगाया कि कोच उनके परिजनों के बारे में भी अपशब्दों का प्रयोग करता है। महिला पहलवानों और उनके परिजनों ने कोच पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की मांग की है। हिसार के आईजी कार्यालय को भी इस बारे में लिखित शिकायत दी गई है, जिस पर केस दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, आरोपी कोच सतबीर पंघाल ने कहा कि आरोप लगाने वाली महिला पहलवानों का प्रदर्शन सही नहीं था। इस कारण बीते सप्ताह ऐसी खिलाड़ियों को संस्थान से निकालने की अनुशंसा की थी, जिस कारण यह खिलाड़ी बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं। वह हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं।