प्रदेशव्यापी हड़ताल से हरियाणा में जमीनों की रजिस्ट्री सहित लाइसेंस बनाने का काम प्रभावित
-12000 से अधिक लाइसेंस व अन्य कागजात का काम ठप, लोग कार्यालयों से चक्कर काटकर लौट रहे हैं खाली हाथ
-हर जिले के मुख्यालय पर धरना दे रहे हैं क्लर्क
-35400 रुपये बेसिक मानदेय की मांग कर रहे हैं क्लर्क
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। वेतनमान 35,400 रुपये करने की मांग को लेकर की जा रही हरियाणा में क्लर्काें की प्रदेशव्यापी हड़ताल के चलते पूरे प्रदेश में तीन दिनों से जमीनों की रजिस्ट्री का काम प्रभावित हुआ है। जिससे सरकार को भी लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व का नुकसान हुआ है। इसके साथ ही उपमंडल कार्यालयों में बनने वाले ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य डाॅक्यूमेंट बनाने का काम भी प्रभावित हुआ है। अभी हड़ताल जारी है। क्लर्क एसोसिएशन का कहना है कि सरकार जब तक लिखित आश्वासन नहीं देती, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। इन दो विभागों के अलावा अन्य कई विभागों में भी पब्लिक डीलिंग के काम प्रभावित हुए हैं।
राजस्व विभाग से जुड़े एक कर्मचारी के अनुसार हरियाणा में 144 तहसीलों में हर रोज जमीनों की लगभग 2500 से 3000 तक रजिस्ट्री होती हैं। पिछले साल इस मद में 10,300 करोड़ रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई थी। इस हिसाब से यदि 200 दिन भी साल में रजिस्ट्री होती हैं तो लगभग पांच करोड़ रुपये का एक दिन में राजस्व प्राप्त होता है। तीन दिन के हिसाब से लगभग 15 करोड़ रुपये के राजस्व का सरकार को नुकसान हुआ है। वहीं जमीनों की रजिस्ट्री के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा विभिन्न उपमंडलों एक दिन में लगभग 12,000 से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य कागजात बनते हैं। तीन दिनों में करीब 30,000 से अधिक लोगों का काम प्रभावित हुआ है।
जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक जारी रहेगी हड़ताल
अभी क्लर्क एसोसिएशन की हड़ताल जारी रहेगी। क्लर्क एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विक्रंत तंवर ने कहा कि क्लर्क लंबे समय से सरकार से मांग कर रहे थे। अब मजबूरन हड़ताल का फैसला लेना पड़ा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब तक सरकार क्लर्काें को लिखित में आश्वासन नहीं देती, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
जिला रजिस्ट्री ड्राइविंग लाइसेंस
हिसार 1500 900
भिवानी 1200 900
फतेहाबाद 600 700
सिरसा 1000 750
करनाल 720 -
पानीपत 600 750
कुरुक्षेत्र 600 900
यमुनानगर 375 300
अंबाला 480 750
रोहतक 120 140
सोनीपत 180 300
झज्जर 115 120
जींद 60 150
नारनौल 30 70
रेवाड़ी 182 234
कैथल में दो दिन से नियमित बन रहे लाइसेंस, हो रहीं रजिस्ट्रियां
कैथल में लिपिकों की हड़ताल से पहले दिन ही ई-दिशा केंद्र और तहसील में कार्य प्रभावित हुआ था, जबकि पिछले दो दिन से ई-दिशा केंद्र व तहसील में कार्यरत लिपिक हड़ताल में शामिल नहीं हुए हैं। यहां पर नियमित रूप से लाइसेंस बन रहे हैं और तहसील में भी रजिस्ट्रियां हो रही हैं। तहसील में सामान्य दिनों में 100 के करीब रजिस्ट्रयां होती हैं, जबकि इस समय करीब 50 से 70 रजिस्ट्री हो रही हैं। वहीं हड़ताल से यहां पर प्रॉपर्टी आईडी व मैरिज सर्टिफिकेट को लेकर कोई कार्य नहीं हो पा रहा है। नगर परिषद कैथल में प्रतिदिन करीब 15 से 20 मैरिज सर्टिफिकेट बनते हैं जो नहीं बन पा रहे।