लॉकडाउन के दो महीने बाद 25 मई से घरेलू उड़ानें शुरू करने की घोषणा के बाद श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट में प्रतिदिन उड़ान भरने वाली सात उड़ानों के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। अमृतसर से लगभग 63 दिन के बाद घरेलू उड़ानें शुरू होने के बाद हवाई अड्डे में तैनात अमला सक्रिय हो गया है।
अमृतसर एयरपोर्ट के डायरेक्टर मनोज चिनसोरिया ने एक विशेष बातचीत में बताया कि अमृतसर हवाई अड्डे से छह उड़ान प्रतिदिन, एक उड़ान सप्ताह में तीन दिन और एक विशेष उड़ान शुरू की जा रही है। इन उड़ानों में अमृतसर-मुंबई, अमृतसर-दिल्ली, अमृतसर-पटना साहिब और अमृतसर-जयपुर शामिल हैं।
उड़ानें शुरू करने के लिए कुछ गाइडलाइन उनके पास आईं हैं। कोरोना के कारण हवाई अड्डे से टच लैस व्यवस्था लागू की जाएगी। यात्रियों और एयरलाइन के स्टाफ के बीच कम से कम संपर्क हो इस बात का ध्यान रखा जाएगा। हवाई अड्डे में यात्रियों को सैनिटाइज करने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यात्रियों के सामान को भी सैनिटाइज किया जाएगा।
यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल में स्थापित डॉक्टरों की टीम के डेस्क में जाना होगा। जहां उनके तापमान की जांच होगी। यात्री का तापमान नार्मल है, आरोग्य सेतु डाउनलोड किया हुआ है, तभी उसे यात्रा की अनुमति होगी। जिस यात्री का तापमान नार्मल नहीं होगा, उसे यात्रा की अनुमति नहीं होगी।
इस प्रक्रिया के बाद यात्री को टर्मिनल में दाखिला लाइन में खड़ा होना पड़ेगा। यात्रियों को छह फुट की दूरी पर खड़ा होना होगा। इसके लिए टर्मिनल में मार्किंग कर दी गई है। इसके बाद यात्री टर्मिनल में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों के पास जाएंगे। वहां अपनी टिकट व पहचान पत्र दिखाने के बाद ही भीतर प्रवेश कर पाएंगे। इसके बाद यात्री संबंधित एयर लाइन के डेस्क पर जाएंगे।
जहां से उनके दस्तावेजों की जांच एक स्क्रीन के माध्यम से की जाएगी। बोर्डिंग पास की जानकारी मोबाइल फोन पर दी जाएगी। यात्री को खुद अपना बैगेज टैग लगाना होगा। सिक्योरिटी एरिया में भी सामाजिक दूरी का ध्यान रखना होगा। हवाई अड्डे में व्यवस्था बदली है इसलिए यात्रियों को संयम रखना होगा।