चंडीगढ़। ग्राहकों को हुक्का परोसने पर पुलिस ने सेक्टर-7 स्थित टर्मिनल सेवन क्लब के प्रबंधक समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही क्लब से दो हुक्का और साउंड जब्त किया है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने क्लब के प्रबंधक आदित्य समेत सभी के खिलाफ बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सेक्टर 26 थाना प्रभारी जसवीर सिंह की अगुवाई में बुधवार देर रात पुलिस टीम एरिया में गश्त कर रही थी। टीम को पता लगा कि सेक्टर-7 के अंतर्गत टर्मिनल सेवन क्लब देर रात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि वहां पर ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा है। इस पर पुलिस ने तुरंत दो हुक्के को कब्जे में लिया और वहां पर बैठे लोगों से पूछा तो सामने आया कि रुपये लेकर हुक्का पिलाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने जीरकपुर निवासी क्लब प्रबंधक आदित्य, शुभम, सेक्टर 29 के निवासी नवनीत, बापूधाम निवासी अमरजीत कुमार, सुखविंदर, किशनगढ़ निवासी अक्षय और मनीमाजरा निवासी अमन के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पकड़े गए सभी को पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया है। बता दें कि इससे पहले भी पुलिस हुक्का बारों पर पुलिस लगातार कार्रवाई करती रही है। बावजूद हुक्का का कारोबार कम होने का नाम नहीं ले रहा है।