मोहाली। युद्ध नशों के विरुद्ध मुहिम में बलौंगी थाना पुलिस ने तीन दिन में चलाए सर्च ऑपरेशन (कासो) के दौरान तीन मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल कराया गया। पुलिस के अनुसार डीएसपी खरड़-1 इशान सिंगला की निगरानी में थाना बलौंगी पुलिस और एआरपी टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में पीजी, संदिग्ध ठिकानों और अन्य स्थानों पर अचानक चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और नशा सेवन करने वालों की पहचान के लिए डोप टेस्ट कराए गए। कार्रवाई के दौरान 21 व 23 अप्रैल को दर्ज मामलों में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह, अमन सिंह, मनोज कुमार तीनों निवासी आंबेडकर कॉलोनी, कुलवंत सिंह निवासी गांव बरियाली, संदीप निवासी जुझार नगर, सूरज सिंह निवासी बलौंगी और लवप्रीत सिंह निवासी शिवजोत एनक्लेव खरड़ के रूप में हुई है। सभी अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नशा का सेवन करने वालों की पहचान कर उन्हें सुधार की दिशा में ले जाना और इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखना है। गिरफ्तार व्यक्तियों को न्यायिक प्रक्रिया के साथ नशा छुड़ाओ केंद्रों में भेजा गया है, ताकि उन्हें उपचार मिल सके।