चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित मुख्य डाकघर (जीपीओ) में कॉमन सर्विस सेंटर का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पोस्ट ऑफिसेज चंडीगढ़ डिविजन मनोज कुमार ने किया। जानकारी के अनुसार इस सेंटर के शुरू होने से अब एक ही छत के नीचे 100 से ज्यादा सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। देश में 100 डाकघरों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत सर्विस सेंटर का उद्घाटन हुआ।
इस कॉमन सर्विस सेंटर में पैन कार्ड, पासपोर्ट, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, रेलवे टिकट बुकिंग, चुनाव मतदाता पंजीकरण, मतदाता कार्ड में संशोधन, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली, बस टिकट, विमान टिकट, मोबाइल-डिश टीवी रिचार्ज, फास्टैग, बैंकिंग सेवा, खाते खोलने और पैसे निकालने की सुविधा मिलेगी। वहीं मोबाइल, डीटीएच, बिजली, पानी के बिल भुगतान की सुविधा, नए बिजली मीटर लगाने, इंप्लाइमेंट, लेबर सर्विसेज, ई-स्टांप के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मनोज कुमार ने कहा कि इसमें वर्तमान डाक सेवाओं के अलावा 105 पांच सेवाएं मिलेंगी। जीपोओ सेंट्रल जगह पर है। यहां पर बड़ी संख्या में लोग विभिन्न काम कराने आते हैं। यहां आने वाले लोग एक ही छत के नीचे सब तरह के काम करवा सकेंगे और उन्हें सेवाओं के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से इन सेवाओं का लाभ उठाने को कहा।