पंजाब यूनिवर्सिटी का मैदान 22 से 24 जून तक पहली बार छठी सीनियर नेशनल रग्बी सेवंस चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए तैयार है। चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 22 जून को पीयू के मुख्य मैदान में 11 बजे होगा। इसका उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर करेंगे।चंडीगढ़ में होने वाली इस प्रतियोगिता में पुुरुष और महिला टीम के 24 खिलाड़ी चंडीगढ़ की ओर से भाग लेंगे।
इसका आयोजन चंडीगढ़ रग्बी फुटबाल एसोसिएशन की ओर से भारतीय रग्बी फुटबाल एसोसिएशन के सहयोग से किया जाएगा। इस चैंपियनशिप में 750 से अधिक पुरुष और महिला एथलीट और 26 राज्य और यूटी के अधिकारी भाग लेंगे। इसमें आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, एमपी, मणिपुर, महाराष्ट्र, ओडिशा, त्रिपुरा, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल, गोवा केसाथ सर्विसेज की टीम भी शामिल होंगी।
भारतीय रग्बी टीम के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और रग्बी एसोसिएशन इंडिया के जनरल मैनेजर संदीप मोसंकर, सेवा सिंह, दीपक कुमार सिंह पी एस लांबा भी उपस्थित थे। रग्बी इंडिया के महासचिव महेश मथई ने कहा कि यह रग्बी इंडिया के लिए एक रोमांचक समय है कि इस खेल की लोकप्रियता देश भर में बढ़ रही है।
रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन चंडीगढ़ के अध्यक्ष रंजन सेठी ने कहा कि ऐसी चैंपियनशिप के माध्यम से हम न केवल रग्बी के खेल को प्रोत्साहित करना चाहते हैं बल्कि उभरते खिलाड़ियों को एक मंच भी प्रदान करेंगे। इस मौके पर चंडीगढ़ रग्बी एसोसिएशन के सचिव दीपक कुमार भी मौजूद रहे। पीएस लांबा ने कहा कि यह बड़ा मौका है, जबकि हमारे सिटी में इतने शहरों के खिलाड़ी आएंगे।