हरियाणा की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कविता जैन ने कहा है कि प्रदेश में बुढ़ापा पेंशन की राशि बैंकों के जरिए बांटने का काम चल रहा है। लाभपात्रों की सुविधा के लिए चेक बुक और एटीएम सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिन गांवों में बैंक या बैंकों के क्योस्क नहीं हैं और जहां बुजुर्ग बैंकों में जाने में असमर्थ हैं, वहां पुरानी व्यवस्था से सरपंचों के जरिए पेंशन की राशि वितरित की जा रही है।
कविता जैन ने यह बात हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन सदन में प्रश्न काल के दौरान कांग्रेस की किरण चौधरी द्वारा पूछे गए सवाल पर कही।
किरण चौधरी के प्रश्न का जवाब देते हुए कविता जैन ने कहा कि पूरे प्रदेश में 31 जनवरी, 2015 तक बुढ़ापा पेंशन पाने वालों की संख्या 13,90,486 है, जबकि तोशाम विधानसभा क्षेत्र में यह संख्या 17367 है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने सदन को बताया कि भारतीय बैंकिंग नियमानुसार बुजुर्गों को घरद्वार पर भी लाभ राशि उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, सहकारी बैंकों, डाकघरों और अन्य केंद्रीय बैंकों के माध्यम से पेंशन वितरित की जायेगी और लाभ पात्रों को खाते खुलवाने के लिए कहा गया है।