फरीदकोट स्थित सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर से एनओसी के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पंजाब मिनी सचिवालय के हेल्थ विभाग के सीनियर सहायक को विजिलेंस की टीम ने बुधवार को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सेक्टर-39 निवासी सुरिंदरजीत सिंह शाह के रूप में हुई है। वीरवार को उसे कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि मामले में कुछ और खुलासे हो सकें। वहीं विजिलेंस टीम अब आरोपी की निशानदेही पर अंडर सेक्रेटरी गुरलाल सिंह की भी भूमिका की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस टीम को बताया कि वह पंजाब के फरीदकोट के सिविल में मेडिकल ऑफिसर है। उन्हें प्रायोजित उम्मीदवार के रूप में चंडीगढ़ के पीजीआई एमडी/एमसी के लिए चुना गया है। एनओसी पर हस्ताक्षर के लिए पंजाब सचिवालय में डायरेक्टर हेल्थ सर्विस को भेजी थी। बुधवार को वह उक्त विभाग में एनओसी लेने के लिए आए थे। आरोप है कि इस दौरान वहां पर सीनियर सहायक सुरिंदरजीत सिंह शाह ने एनओसी क्लियर कराने के नाम पर उनसे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित विजिलेंस टीम के पास पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दी। विजिलेंस डीएसपी दीपक यादव के नेतृत्व में इंस्पेक्टर ऊषा की टीम ने जाल बिछाया। इस दौरान पंजाब मिनी सचिवालय के बैक साइड जब शिकायतकर्ता रिश्वत के 15 हजार रुपये सुरिंदरजीत को देने लगा तो विजिलेंस ने आरोपी को रंगे हाथ धर दबोचा। जांच में सामने आया कि आरोपी ने रिश्वत हेल्थ विभाग के अंडर सेक्रेटरी गुरलाल सिंह के इशारे पर मांगी थी। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर गुरलाल सिंह की भूमिका की जांच करने में जुटी हुई है।