चंडीगढ़ और नई दिल्ली के रूट पर जल्द दौड़ेगी सेमी हाईस्पीड ट्रेन। इसके लिए रेलवे ने कवायद तेज कर दी है। इसको लेकर उत्तर रेलवे के अधिकारियों और फ्रेंच नेशनल रेलवे के प्रतिनिधियों के बीच बुधवार को तीसरी समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सवारी गाड़ियों की रफ्तार बढ़ाकर 160-200 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर चर्चा की गई।
दरअसल, भारतीय रेलवे ने फ्रेंच रेलवे के साथ एक करार किया है। इसमें दिल्ली-चंडीगढ़ रेलवे ट्रैक को अपग्रेड करने के साथ आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारियां सांझा करना है। इसके लिए रेलवे पूरे रूट की अध्ययन कर रहा है। तीन फेज में होने वाले अध्ययन को एक साल के भीतर पूरा कर लेना है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहले फेज की स्टडी पूरी हो गई है। इसमें फिल्ड विजिट, सर्वे साथ ही तकनीकी उपायों की समीक्षा की गई। इसके अलावा रूट को अपग्रेड करने के लिए तीन संभावित तरीकों पर विचार हुआ।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस यात्रा के दौरान दिल्ली-चंडीगढ़ सेक्शन पर सेमी हाई स्पीड रेल में सहयोग के लिए एसएनसीएफ के साथ समझौता हुआ था। पिछले साल दिसंबर महीने में रेल मंत्रालय और एसएनसीएफ के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर किया गया। इस अध्ययन की कुल लागत 19,69,2, 721 रुपये है। अध्ययन का 19 जनवरी से शुरू हुआ और इसे अगले साल जनवरी महीने में पूरा होना है।