पानी की किल्लत से जूझ रहे शहरवासियों की समस्याएं जल्द होगी। इसके लिए नगर निगम ने शुरू किया काम। दरअसल कजौली वाटर वर्क्स के दो नए फेज से शहर में पानी लाने का काम अब तेजी से होगा क्योंकि गमाडा चंडीगढ़ नगर निगम को खरड़ के पास जंडपुरा में अपनी मशीनरी लगाने के लिए दो एकड़ की जमीन देने के लिए तैयार हो गया है, इसके लिए गमाडा ने नगर निगम से तीन करोड़ की राशि मांगी है।
राशि जारी करने का प्रस्ताव बुधवार को नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में आया। इस प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए राशि जारी करने का फैसला लिया गया। इससे पहले नगर निगम पांचवें और छठे फेज के लिए गमाडा को जंडपुरा तक पाइप लाइन डालने के लिए 98 करोड़ की राशि पिछले साल जारी कर चुका है।
बैठक में अधिकारियों ने दावा किया कि अब काम में तेजी आ जाएगा और अगले साल जून माह तक इन दो फेज से शहर को 35 एमजीडी पानी की सप्लाई मिलनी शुरू हो जाएगी। मालूम हो कि गर्मी में शहर को इतने ही एमजीडी पानी की जरूरत होती है। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि गमाडा से मिली जमीन पर पंपिंग स्टेशन और 4 यूजीआर का बूस्टर बनाया जाएगा और यहां से सेक्टर-39 वाटर वर्क्स तक छह किमी की पाइप लाइन डाली जाएगी। इस पर निगम 90 करोड़ खर्च करेगा।
116 एमजीडी पानी की है मांग
गर्मी में शहर में पानी की मांग 116 एमजीडी की हो जाती है। इस समय शहर को कजौली वाटर वर्क्स से 58 एमजीडी पानी मिल रहा है जबकि शहर में लगे 220 ट्यूबवेल से 22 एमजीडी पानी मिल रहा है। इनमें से 20 प्रतिशत ट्यूबवेलों में हर दिन कोई न कोई दिक्कत रहती है। ऐसे में गर्मियों में 36 एमजीडी पानी की कमी होती है, जो इस साल भी लोगों को सहनी पड़ेगी। इस समय शहर में कुल 220 ट्यूबवेल हैं, इनमें 50 खराब पड़े हैं।