जींद के गांव बीबीपुर से सेल्फी विद डॉटर अभियान शुरू करने वाले व अनेक अंतराष्ट्रीय अभियान की शुरुआत करने वाले सुनील जागलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेहमान बने। सुनील जागलान को प्रधानमंत्री के पसंदीदा कार्यक्रम मन की बात के 100वें एपिसोड में सम्मानित अतिथि बनने का मौका मिला।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा के सुनील जागलान का मेरे मन पर प्रभाव इसलिए पड़ा क्योंकि हरियाणा में जेंडर रेशा पर काफी चर्चा होती थी। मैंने भी बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ का अभियान हरियाणा से ही शुरू किया था। जब सुनील जी के सेल्फी विद डॉटर कैम्पेन पर नजर पड़ी तो मैंने उसे मन की बात में शामिल किया। सुनील आज हमारे साथ जुड़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने सुनील जागलान से पूछा कि जब इसकी फिर चर्चा हो रही है तो कैसा लग रहा है, अब आपकी बिटिया क्या कर रही है। इस पर जागलान ने पीएम को बताया कि उनकी एक बेटी सातवीं और दूसरी चौथी क्लास में पढ़ रही है। दोनों आपकी बड़ी प्रशंसक हैं। उन्होंने आपके लिए थैंक यू प्राइम मिनिस्टर नाम से क्लास में चिट्ठियां भी लिखवाई थीं। इस पर मोदी ने कहा कि बिटिया को मेरा और मन की बात के श्रोताओं का बहुत सारा आशीर्वाद दीजिए। आपकी वजह से बेटियों के चेहरे पर मुस्कान लगातार बढ़ रही है।