चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र संगठन एबीवीपी ने विभिन्न विभागों के अध्यक्ष के जरिए सेक्टर-14 और सेक्टर-25 साउथ कैंपस में विद्यार्थियों को आने वाली समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पीयू इकाई अध्यक्ष अमित पुनियां और इकाई मंत्री शौर्य मेहरा ने कहा कि साउथ कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। इसके साथ ही स्टेशनरी, स्टूडेंट सेंटर और डिस्पेंसरी खोली जाए।
पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में ई-रिक्शा की सुविधा व शटल बस सर्विस सेवा को शुरू किया जाए। शोधार्थियों के लिए पुस्तकालय में एक अलग सेक्शन बनाएं। परिसर में नए हॉस्टल बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाए, हॉस्टलों में खाने की गुणवत्ता को बढ़ाएं। सभी हॉस्टल व कैंटीन में अनुमोदित मेन्यू रेट को डिस्पले किया जाए, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए परिसर को सामाजिक रूप से संवेदनशील और संरचनात्मक रूप से सुलभ बनाएं। इसी के साथ विज्ञान के विभिन्न विभागों के छात्रों और शोधकर्ताओं को आवश्यक प्रयोगशाला उपकरण व सुविधाएं प्रदान करें, बिना किसी देरी के जीएच-11 को शुरू कर लड़कियों को सीट आवंटित की जाएं।
इसके अलावा छात्रों के लिए गुरु तेग बहादुर लाइब्रेरी को खोला जाए, पीयू में फीस वृद्धि को वापस लें व किश्तों में फीस ली जाए, शिक्षकों के खाली पदों को भरा जाएं, पीयू पीएचडी प्रवेश में नामांकित सभी शोधार्थियों को फैलोशिप प्रदान की जाए, स्टूडेंट सेंटर के कॉफी हाउस को शुरू किया जाए और खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता दिया जाए।