स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कोलकाता-अमृतसर के मध्य चलने वाली अकाल तख्त एक्सप्रेस के शौचालय में मिले बम व आतंकी धमकी के मद्देनजर जहां भारत-पाक के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस समेत सभी वीवीआईपी ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ाने के आदेश रेल मंत्रालय ने दिए हैं वहीं गृह मंत्रालय ने देश के सभी हवाई अड्डों पर हाई अलर्ट के आदेश दिए हैं। पाक समर्थित आतंकवादियों को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए सरहद को चौकस कर दिया गया है।
करीब 550 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती कर दी गई है। श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर चौकसी बढ़ाई गई है, यहां पर विजिटर की इंट्री बंद कर दी गई है। वहीं फिरोजपुर रेल डिवीजन के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, फगवाड़ा, फिरोजपुर, ब्यास, पठानकोट समेत कई रेलवे स्टेशनों पर पुलिस ने पहरा लगा दिया है।
सरहद पर रिट्रीट सेरमेनी को देखने आने वाले पर्यटकों की चार चरणों में चेकिंग की जा रही है। बीएसएफ के आईजी मुकुल गोयल खुद नजर रख रहे हैं। अटारी बार्डर पर रिट्रीट सेरेमनी स्थान पर बीएसएफ, पंजाब पुलिस व खुफिया एजेंसियों की नजर है। सुरक्षा बल सर्विलांस से संदिग्धों पर नजर रख रहे हैं। बीएसएफ ने पाक से लगती गुरदासपुर, डेरबाबा नानक, फिरोजपुर व जम्मू से लगती सीमाओं पर चौकसी और बढ़ा दी है। बीएसएफ सीमापार से आतंकी के आने की संभावना को लेकर स्पेशल चक्रव्यूह तैयार किया है