चंडीगढ़। पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर-46 की वार्षिक एलुमनाई मीट का कॉलेज परिसर में आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज के विभिन्न बैचों के पूर्व छात्रों ने अपने साथियों और शिक्षकों के साथ बीते दिनों की यादें बताईं। कई पूर्व छात्रों ने दर्शकों के साथ अपने अनुभवों को साझा किया कि कैसे कॉलेज ने उनके व्यक्तित्व को आकार देने में मदद की।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर जेके सहगल ने पूर्व छात्रों के साथ मिलकर हाल जाना। उन्होंने कहा कि एलुमनाई मीट केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि कॉलेज के पूर्व छात्रों की घर वापसी है। यह कॉलेज और विद्यार्थियों के बीच संबंधों को पुनर्जीवित करने का माध्यम है।
डॉ. राजेश बैच 1987 वाइस प्रिंसिपल, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज सेक्टर 10 चंडीगढ़ ने कॉलेज में अपने समय के बारे में याद किया। आकाशवाणी चंडीगढ़ के वरिष्ठ उद्घोषक अनिल पुंज (बैच 1988) ने सभी शिक्षकों को हार्दिक धन्यवाद दिया। उन्होंने अपने संगीत शिक्षक कंवर इकबाल को विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की।
मैं अपने प्रोफेसरों का बहुत आभारी हूं-भावित जैन
पीजीजीसी-46 के 2017 बैच के भावित जैन, जिन्होंने हाल ही में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है, ने भी इसमें भाग लिया। अपने संदेश में भावित ने कहा कि यूपीएससी पास करने के बाद अपने कॉलेज में वापस आना एक सम्मान है। मैं अपने प्रोफेसरों का बहुत आभारी हूं, जिनके मार्गदर्शन में आज इस मुकाम तक पहुंचा।