लोगों की जरूरतों को देखते हुए यूटी प्रशासन ने ग्रेन मार्केट की साप्ताहिक बंदी में कुछ बदलाव किया है। यूटी प्रशासन ने आदेश दिए हैं कि ग्रेन मार्केट सोमवार को दोपहर दो बजे तक खोली जाएगी। इसके बाद मार्केट परिसर में सफाई अभियान और मंडी परिसर को सैनिटाइज किया जाए। इससे पहले चंडीगढ़ प्रशासन ने हर सोमवार को सेक्टर-26 मंडी को बंद करने का फैसला लिया था, लेकिन ये भी कहा था कि अगर जरूरत पड़ेगी तो वह मंडी को खोलने पर भी विचार करेंगे।
प्रशासन के निर्देश पर मार्केट कमेटी ने तैयारी शुरू कर दी है। मार्केट कमेटी के सचिव जरनैल सिंह मावी ने बताया कि प्रशासन ने यह फैसला लिया है कि सोमवार को 2:00 बजे तक ही मंडी खुली रखी जाएगी, जिसके बाद पूरी मंडी की सफाई की जाएगी व सैनिटाइज किया जाएगा। दुकानदारों को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। इसके अलावा प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा की तरफ से भी संबंध में ट्विटर पर जानकारी दी गई। इससे पहले पिछले सोमवार को भी पूरी मंडी की सफाई करवाई गयी थी।
निगम की टीम की तरफ से पूरी मंडी को सैनिटाइज किया जाएगा, ताकि मंडी में भी किसी भी तरह के संक्रमण का खतरा न हो। वहीं इसके चलते प्रशासन द्वारा की जाने वाली फल, सब्जियों व राशन की डिलीवरी कुछ खास प्रभावित नहीं रहेगी, क्योंकि वह सुबह ही इन फल, सब्जियों की डिलीवरी कर देते हैं। बता दें कि साधारण सब्जी मंडी का काम तो दिन में ही लगभग अधिक होता है, लेकिन ग्रेन मार्केट दुकानों में ही दोपहर बाद अधिक काम होता है।