प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार रात नाका तोड़ने वाली कार में 3-4 लोग सवार थे। कार मुट्ठी गांव में जलालिया दरिया के पास लावारिस हालत में मिली। आशंका है कि कार सवार लोगों की योजना पैंटून पुल के रास्ते फतेहपुर होते हुए जम्मू-कश्मीर भागने की थी। इस बार बरसात से पहले उठाया पैंटून पुल दोबारा लगाया नहीं गया, जिसके चलते कार सवार भाग गए। जानकारों का कहना है कि दरिया में पानी का स्तर कम है, कोई भी व्यक्ति पैदल दरिया पार कर सकता है, पानी का स्तर घुटनों तक है। अब संभावना जताई जा रही है कि कार सवार पैदल ही दरिया पार कर गए होंगे।
पिछले साल भी सीमावर्ती क्षेत्र में मिली थी मिस्ट्री कार
पिछले साल भी बमियाल के पास गांव भगवाल के खेतों में एक कार बरामद हुई थी। कार पर गोलियों के निशान थे और गाड़ी से मिले कागजात के आधार पर कठुआ निवासी व्यक्ति पर मामला भी दर्ज किया गया था। अब लगातार 2 कारों के मिलने और सवारों के न मिलने से पुलिस उन्हें पशु तस्कर बता रही है।
एसएसपी पठानकोट विवेकशील सोनी ने बताया कि कार सवार की पहचान कर ली गई है। वह जम्मू के ग्रामीण एरिया का रहने वाला हसनदीन है और जुटाई गई जानकारी के मुताबिक उसका कोई क्रिमिनल बैकग्राउंड भी नहीं है। उन्होंने कहा कि शादीपुर में सर्च के दौरान कुछ नहीं मिला। पुलिस सतर्क है। कार मालिक को बुलाया गया है।