पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा नियुक्त किए गए आयुक्त अनिल कुमार पंवार की निगरानी में सर्च अभियान की पहले दिन की कार्रवाई खत्म हो गई है। तलाशी के दौरान जांच टीम राम रहीम की गुफा तक पहुंच गई और कोने कोने की तलाशी ली।
डेरा मुखी की गुफा के खुले कपाट तो सब हैरान
दोपहर दो बजे सुरक्षा बालों के साथ कोर्ट कमिश्नर अनिल कुमार सिंह पंवार डेरा सच्चा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की गुफा के द्वार पर पहुंचे। उनके साथ रुड़की से बुलाई गई फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौजूद थी। जैसे ही गुफा का गेट खुला, सभी की आंखें फटी की फटी रह गईं। गुफा परिसर में दर्जनों हिरण, राष्ट्रीय पक्षी मोर और बाघ के दो शावक मिले। इसके बाद वन विभाग की टीम को बुलाया गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार हिरणों, मोर और बाघ के दो शावकों को वन विभाग की टीम पंचकूला लेकर जाएगी। कहा जा रहा था कि बाबा की गुफा सात सितारा होटल से कम नहीं है, लेकिन जब गुफा के कपाट खुले तो अंदर का दृश्य, भवन और सुविधाएं चौंकाने वाली थीं। फॉरेंसिक एक्सपर्ट गुफा के अंदर मौजूद हर चीज की गहनता से जांच कर रहे हैं। डेरे में जहां-जहां तलाशी ली गई उसकी पूरी वीडियोग्राफी कराई जा रही है। इसके लिए 65 वीडियोग्राफर प्रशासन की ओर से बुलाए गए हैं। कोर्ट कमिश्नर की तरफ से सभी को सख्त हिदायत है कि किसी भी सूरत में डेरा प्रमुख की गुफा के अंदर की फोटो और वीडियो बाहर सार्वजनिक न होने पाए। फोटो और वीडियो की चिप डेरा के अंदर ही सील की जा रही हैं।