नशे में धुत अकेली युवती को सेक्टर 8 के स्कोर डिस्कोथेक से शुक्रवार देर रात 2:36 बजे बाउंसरों ने जबरन बाहर निकाला था। पुलिस द्वारा जब्त की गई सीसीटीवी फुटेज से यह खुलासा हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती 12:13 बजे डिस्कोथेक में आई थी। वह दो घंटे 13 मिनट तक डिस्कोथेक के अंदर रही। नियम के मुताबिक रात दो बजे के बाद डिस्कोथेक नहीं चल सकते।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आया है कि रात ढाई बजे तक डिस्कोथेक खुला था। इस तरह जांच में सामने आया है कि डीसी के आदेशों और नियमों की खुलकर धज्जियां उड़ाई गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर डिस्कोथेक पर मामला भी दर्ज किया जा सकता है।
एसआई पर हो सकती है कार्रवाई
डीएसपी आशीष कपूर को इस मामले की जांच सौंपी गई थी। वह आज अपनी जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंप सकते हैं।
जांच में सामने आया है कि एसआई रमेश कुमार ने इस मामले में लापरवाही बरती। रात दो बजे तक अगर डिस्कोथेक खुला था तो भी कोई कार्रवाई नहीं की। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश जांच रिपोर्ट में की जा सकती है।
नई गाइडलाइंस
जांच रिपोर्ट में पुलिस सिफारिश कर रही है युवतियों को ज्यादा मात्रा में शराब न दी जाए और नशे में धुत होने पर डिस्को मालिकों की उन्हें घर छोड़ने की जिम्मेवारी होनी चाहिए।
यह था मामला
मोहाली निवासी युवती शुक्रवार रात को सेक्टर-8 स्थित स्कोर डिस्कोथेक में आई थी। युवती 2 घंटे 23 मिनट तक डिस्कोथेक में रही और उसे जमकर शराब परोसी गई।
उसके नशे में धुत हो जाने पर दो बाउंसरों ने उसे जबरन बाहर निकाल दिया। लड़की बाहर सड़क पर ही बेसुध थी।
मौके पर पीसीआर की ओर से सेक्टर-3 थाना पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने नशे में धुत युवती को गाड़ी में बिठा लिया और अस्पताल ले जाने की जगह थाने ले आए।