निदेशक सेकेंडरी शिक्षा ने सभी जिला शिक्षा, जिला मौलिक शिक्षा, जिला परियोजना समन्वयक, डाइट, बाइट, गेटी के प्रधानाचार्य, खंड शिक्षा व खंड मौलिक शिक्षा अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि ताजा आदेशनुसार 16 जुलाई से सभी सरकारी व निजी स्कूलों में विद्यार्थियों का पठन-पाठन सुनिश्चित करें। कोविड मानकों का पूरी तरह से पालन कराया जाए। निजी स्कूल संचालक भी लंबे समय से स्कूलों को बच्चों के लिए खोलने की मांग कर रहे थे।
22 अप्रैल को हुआ था ग्रीष्मकालीन अवकाश
प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर के तेज होने पर सरकार ने गत 22 अप्रैल से 31 मई तक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश कर दिया था। इससे पहले नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं चल रही थीं। कोरोना केस कम न होने पर 31 मई के बाद बच्चों के लिए छुट्टियां आगे बढ़ाई जाती रहीं। 16 जून से विभाग ने ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करवा दी है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दी जाएगी विस्तृत जानकारी
बच्चों के लिए स्कूल खोलने के बारे में विस्तृत जानकारी 12 जुलाई को दी जाएगी। निदेशक सेकेंडरी व निदेशक मौलिक शिक्षा सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक करेंगे। इसमें स्कूल खोलने से संबंधित सभी शंकाओं का समाधान किया जाएगा।
विद्यार्थियों के पास ये भी विकल्प
- ऑनलाइन शिक्षा को जारी रखते हुए बच्चों के लिए स्कूल खोले जा रहे। एजुसेट व ऑनलाइन माध्यम से भी पढ़ाई जारी रहेगी
- ऑनलाइन पढ़ाई के इच्छुक विद्यार्थियों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा
- अभिभावकों की लिखित अनुमति होने पर ही विद्यार्थी स्कूलों में प्रवेश कर सकेंगे
- विद्यार्थियों की उपस्थिति को लेकर कोई बाध्यता नहीं, कोई दबाव नहीं बनाया जाएगा
- कक्षाओं के संचालन का प्रशिक्षण वीडियो अभिभावकों, शिक्षकों व बच्चों को पहले ही भेजा जा चुका