धनास स्थित स्कूल से लौटी एक 17वर्षीय छात्रा ने सुसाइड नोट लिखकर धनास के लेक में छलांग लगा दी। पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नाबालिग अपने मां बाप की एकलौती औलाद थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा की पहचान सेक्टर-25 निवासी बरखा के रूप में हुई है। उसके पिता हवलदार सब्जी बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी धनास स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्लस टू की छात्रा थी।
वीरवार को उसका फिजिकल एजुकेशन का एग्जाम था। घर पर सुबह सब ठीक था। लेकिन, पता नही बेटी ने ऐसा कदम क्यों उठाया?
प्रत्यक्षदर्शी भूषण कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ लेक पर शाम करीब पांच बजे सैर कर रहे थे। इसी दौरान लड़की ने लेक में छलांग दी। इसको देखकर वह लेक में कूद गए। उन्होंने बताया कि करीब सात मिनट की मशक्कत के बाद लड़की को निकाल पाए। इसके बाद सूचना पाकर पहुंची पीसीआर पुलिस छात्रा को पीजीआई में भर्ती करवाया।
एसएचओ-11 नरेंदर पटियाल ने बताया कि सुसाइड नोट में लिखा है कि ‘मै बरखा अपनी मर्जी से मरने जा रही हूं।’ हालांकि, उन्होंने बताया कि मौत की वजह का खुलासा नही हो पाया है।
पुलिस स्कूल प्रशासन और दोस्तों से पूछताछ करने में लगी है। जबकि, परिजनों ने मौत की वजह के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया है।