बच्चों से भरी एक बस सड़क से उतर गई, ओवर टेक करने के चक्कर में ये बस झाड़ियों में जा घुसी। कपूरथला के कांजली रोड पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार टिप्पर को बचाने के चक्कर में स्कूल बस का ड्राइवर संतुलन खो बैठा और बस सीधे झाड़ियों में जा घुसी। हालांकि बस में सवार बच्चे बिल्कुल सुरक्षित हैं। वहीं शाम छह बजे तक डीएसपी से लेकर एसएसपी तक घटना से अनजान थे।
कपूरथला के कांजली रोड पर कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल की 40 नंबर बस बच्चों को लेकर जा रही थी। एक तेज रफ्तार टिप्पर ओवरटेक कर रहा था। जिसे बचाने के चक्कर में स्कूल बस ड्राइवर ने बस एकदम रोड साइड कर ली और संतुलन खोने से बस सीधे झाड़ियों में जा घुसी।
जिस जगह पर हादसा हुआ है, वहां पर तीन रोड अलग-अलग एरिया को निकलते हैं। इसी मोड़ से महज कुछ दूरी पर कांजली झील पर पुल बना है। स्कूल बस ड्राइवर का नाम सरबजीत सिंह बताया जा रहा है। घटना के समय बस में पहली से दसवीं तक के करीब 19 बच्चे सवार था। बस सवार एक बच्ची के अभिभावक ने बताया कि बस ड्राइवर बिल्कुल सही था। उसने तो रोड साइड उतार कर बच्चों की जान बचाई है। ड्राइवर ने नशा नहीं किया हुआ था। बाकायदा उसका मेडिकल करवाया गया था।