24 फरवरी से सात मार्च तक विभाग की वेबसाइट पर निजी स्कूलों से मांगी सहमति
चंडीगढ़। हरियाणा शिक्षा विभाग ने प्राइवेट स्कूलों में चिराग योजना के तहत सरकारी स्कूल के छात्रों के दाखिले को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रदेश के मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों से 5वीं से 12वीं तक छात्रों के दाखिले के लिए सहमति मांगी है। निजी स्कूलों को 24 फरवरी से 7 मार्च तक विभाग की वेबसाइट पर सहमति दर्ज करवाने का समय दिया गया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के छात्रों को 15 से 31 मार्च तक आवेदन का मौका दिया गया है। स्कूलों में 5वीं से 12वीं के अनुसार घोषित सीटों का खाका विभाग की ओर से विभागीय वेबसाइट व पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
इस स्कीम के तहत जिन छात्रों के अभिभावकों की आय 1.80 लाख रुपये या इससे कम होगी, वे ही छात्र दाखिले के लिए पात्र होंगे। वहीं, जिन स्कूलों में सीटों से अधिक छात्रों के आवेदन मिलेंगे, वहां पर अभिभावकों की मौजूदगी में लॉटरी के जरिए 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक ड्रॉ निकाले जाएंगे।
वहीं, स्कूलों में खाली सीटों पर इंतजार करने वाली सूची में शामिल छात्रों को 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दाखिला दिया जाएगा। सभी स्कूलों को दाखिला प्राप्त छात्रों की जानकारी पोर्टल पर 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दर्ज कराना अनिवार्य होगा।
यह भी अनिवार्य
- बीते शैक्षणिक सत्र में सरकारी स्कूल के छात्र ही पात्र होंगे।
- छात्र का पिछले सरकारी स्कूल से स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट लगेगा।
- बच्चे की फैमिली आईडी, 1.80 लाख से कम आय वाले परिवार पहचान पत्र जमा करने होंगे।