चंडीगढ़। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (एआईएसबीआईएसएफ) ने लंबित मांगों को लेकर 25 और 26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का एलान किया है। एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन चंडीगढ़ सर्कल के महासचिव इकबाल सिंह मल्ही ने बताया कि अवार्ड स्टाफ से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं जिन पर बैंक प्रबंधन कोई ठोस निर्णय नहीं ले रहा।
उन्होंने कहा कि संदेशवाहकों और सशस्त्र गार्डों की भर्ती, एनपीएस कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर बदलने का अधिकार, इंटर सर्कल ट्रांसफर, पर्याप्त स्टाफ भर्ती और स्थायी नौकरियों की आउटसोर्सिंग बंद करने जैसी 16 प्रमुख मांगें शामिल हैं। मल्ही ने बताया कि पिछले 29 वर्षों से संदेशवाहकों की भर्ती नहीं हुई है जिससे अधीनस्थ संवर्ग में कर्मचारियों की भारी कमी हो गई है। वहीं सशस्त्र गार्डों की अंतिम भर्ती वर्ष 2022 में हुई थी। उन्होंने कहा कि बढ़ती एटीएम चोरी और बैंक हमलों की घटनाओं के बीच सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।